खाद लेने पहुंचे किसान ने सोसायटी प्रबंधक पर अभद्रता का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री व डीएम से लगाई न्याय की गुहार
- किसान बोला- सबके सामने किया अपमान, खाद देने से किया इनकार भ्रष्टाचार और कालाबाजारी के भी लगाए आरोप
सहारनपुर जिले के पुंडेन क्षेत्र के ग्राम मालली निवासी किसान लोकेश कुमार ने बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति में खाद वितरण के दौरान सोसायटी के प्रबंधक पर अभद्र व्यवहार और अपमानित करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित किसान लोकेश कुमार के अनुसार वह 13 जून 2026 को समिति का स्थायी सदस्य होने के नाते यूरिया खाद लेने के लिए सोसायटी पहुंचा था। किसान का कहना है कि उसने बायोमेट्रिक सत्यापन सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं और अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। आरोप है कि जब उसका नंबर आया तो तत्कालीन प्रबंधक निदेशक निखिल शर्मा ने कथित रूप से उसके साथ अमर्यादित व्यवहार किया तथा खाद की बोरी नीचे फेंक दी।
किसान का आरोप है कि प्रबंधक ने मौजूद किसानों के सामने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे अपमानित किया। इतना ही नहीं, उससे लिए गए पैसे भी वापस फेंक दिए गए तथा खाद देने से इनकार कर दिया। किसान के अनुसार उसे यह भी कहा गया कि सोसायटी में उनकी मर्जी से ही काम होता है।
लोकेश कुमार का कहना है कि इस घटना से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा उसके परिवार को भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित प्रबंधक पूर्व में भी विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। उन्होंने खाद की कथित कालाबाजारी और किसानों के उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
पीड़ित किसान ने मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। किसान का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों में रोष और बढ़ सकता है।
फिलहाल मामले में सोसायटी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।




