डिजिटल भुगतान बढ़ने के साथ साइबर ठगी का खतरा, SBI कार्ड ने बताए बचाव के 10 तरीके
देश में डिजिटल भुगतान का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। ऑनलाइन खरीदारी से लेकर बिजली-पानी के बिलों के भुगतान और यात्रा की बुकिंग तक, लोग रोजमर्रा के कामों में डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, डिजिटल लेन-देन की बढ़ती लोकप्रियता के साथ वित्तीय धोखाधड़ी के मामले और ठगी के नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों की वित्तीय सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उद्योग से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार, PwC के अनुमान के मुताबिक वित्त वर्ष 2030 तक भारत में डिजिटल माध्यमों से होने वाले भुगतानों की संख्या बढ़कर 617 अरब तक पहुंच सकती है। वहीं, इन लेन-देन का कुल मूल्य 907 ट्रिलियन रुपये और क्रेडिट कार्ड की संख्या लगभग 210 मिलियन होने का अनुमान है। डिजिटल भुगतान के इस विस्तार के बीच वित्तीय संस्थानों के साथ-साथ ग्राहकों की सतर्कता भी जरूरी हो गई है।
SBI कार्ड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलिला पांडे ने कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा और उनका भरोसा बनाए रखना कंपनी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। डिजिटल भुगतान लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं, इसलिए धोखाधड़ी के नए खतरों से निपटने के लिए लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, जोखिमों की समय रहते पहचान और ग्राहकों को जागरूक करने के माध्यम से सुरक्षित भुगतान व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने ग्राहकों को सलाह दी कि वे किसी भी डिजिटल लेन-देन से पहले पूरी जानकारी की जांच करें, अपनी निजी और वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित संस्थान को सूचना दें।

SBI कार्ड ने बताए डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के 10 तरीके :-
डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने और ग्राहकों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने के लिए SBI कार्ड ने 10 महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। –
1. भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से करें खरीदारी :- ऑनलाइन खरीदारी हमेशा ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से ही करें। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप पर मिलने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
2. आधिकारिक स्रोतों से डाउनलोड करें ऐप :- मोबाइल एप्लिकेशन हमेशा आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। व्हाट्सएप, एसएमएस, ईमेल या अनजान वेबसाइटों से मिली APK फाइल डाउनलोड करने से बचें।
3. गोपनीय जानकारी साझा न करें :- अपने कार्ड का नंबर, पिन, ओटीपी और सीवीवी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर शिकायत करते समय भी कार्ड की जानकारी और निजी मोबाइल नंबर सार्वजनिक न करें।
4. अनजान लोगों को स्क्रीन शेयर न करें :- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन साझा न करें। स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए डिवाइस तक पहुंच हासिल करने की कोशिश धोखाधड़ी का माध्यम हो सकती है।
5. फर्जी कॉल और मैसेज से रहें सावधान :- खाता बंद होने, रिवॉर्ड पॉइंट समाप्त होने, ई-चालान, टैक्स नोटिस या डिलीवरी से जुड़े संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक कस्टमर केयर से करें।
6. फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वालों से बचें :- धोखेबाज बैंक अधिकारी या क्रेडिट कार्ड प्रतिनिधि बनकर कार्ड अपग्रेड, क्रेडिट लिमिट बढ़ाने और रिवॉर्ड रिडेम्पशन जैसे बहाने बना सकते हैं। ऐसी कॉल पर अपनी जानकारी न दें और संबंधित संस्थान से आधिकारिक माध्यम से संपर्क करें।
7. संदिग्ध लेन-देन की तुरंत सूचना दें :- किसी अनधिकृत भुगतान या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही बैंक अथवा कार्ड जारी करने वाली कंपनी से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित कार्ड या खाते को ब्लॉक कराएं और साइबर अपराध अधिकारियों को शिकायत दें।
8. लुभावने ऑफर की सत्यता जांचें :- असामान्य रूप से बड़ी छूट, रिफंड और आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने के लिए आने वाले संदिग्ध लिंक और निजी जानकारी मांगने वाले संदेशों की भी पुष्टि करें।
9. लेन-देन के अलर्ट चालू रखें :- अपने कार्ड और बैंक खाते के एसएमएस, ईमेल और मोबाइल ऐप नोटिफिकेशन सक्रिय रखें। नियमित रूप से खाते की जांच करें और किसी भी अनजान लेन-देन की सूचना तुरंत दें।
10. मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड बनाएं :- ईमेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग खातों के लिए अलग-अलग मजबूत पासवर्ड रखें। पासवर्ड नियमित रूप से बदलें और किसी के साथ साझा न करें।
डिजिटल भुगतान के तेजी से बढ़ते दौर में तकनीकी सुरक्षा के साथ व्यक्तिगत सतर्कता भी बेहद जरूरी है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर ग्राहक न केवल अपनी वित्तीय जानकारी सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि साइबर ठगी की आशंका को भी काफी हद तक कम कर सकते हैं।




