उत्तर प्रदेशकानून व्यवस्था

डीएम एवं एसएसपी ने 11-26 अक्टूबर तक लगने वाले मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेला की तैयारियों के संबंध में की बैठक

  • मेले को दिव्य एवं भव्य तथा व्यवस्थाओं को और अधिक बनाया जाए बेहतर
  • तीन शिफ्टों में लगाई जाएंगी कर्मचारियों की 24 घण्टे ड्यूटियां
  • साफ-सफाई, विद्युत, प्रकाश, पेयजल, स्वास्थ्य की व्यवस्थाओं को रखा जाए बेहतर एवं लगाई जाएगी शिफ्टवार ड्यूटियां
  • मेले में चाक चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, बनेंगे 03 जोन 16 सब सैक्टर
  • श्रद्धालुओं को दी जाए सभी आवश्यक सुविधाएं
  • श्रद्धालुओं को न हों कोई परेशानी, आमजन के मध्य जाए अच्छा संदेश
  • मेला क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता के लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे, बनेगा कन्ट्रोल रूम
  • मेले का माहौल खराब करने वालों के बख्शा नहीं जाएगा
  • अधिकारियों एवं पुलिस का व्यवहार रहे सौम्य एवं मधुर
  • मेले में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है वह एक दिन पूर्व ही अपने स्थल को देख लें
  • विशेष दिवस पर आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
  • पानी आने पर श्रद्धालुओं के बैठने के लिए खोल क्षेत्र से बाहर रहेगी टैण्ट की व्यवस्था
  • आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहेंगी टीमें
  • लेटकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होगी मेटिंग की व्यवस्था
  • पार्किंग की रहेगी समुचित व्यवस्था, होगी सीसीटीवी से मॉनीटरिंग
  • मेला क्षेत्र के लिए लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के जारी होंगे ड्यूटी पास

सहारनपुर, दिनांक 07 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0)।

जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन की उपस्थिति में 11-26 अक्टूबर तक लगने वाले आगामी मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा के दृष्टिगत व्यवस्थाओं तथा तैयारियों के संबंध में जिला पंचायत सभागार में बैठक की गई। इसके उपरांत सभी अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसी के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद भी लिया।

बैठक में मां शाकंभरी देवी मेला में सीसीटीवी, पीए सिस्टम, शौचालय व्यवस्था, अस्थाई अस्पताल, एंबुलेंस, पार्किंग व्यवस्था, बैरीकेटिंग, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था, मजिस्ट्रेट, पुलिस बल की उपलब्धता आदि की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। मोबाइल शौचालय एवं अस्थाई शौचालय की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शौचालय पर 24 घण्टे कार्मिकों की तैनाती हो तथा शौचालय साफ-सुथरे रहे। विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाए एवं गत वर्षों की तुलना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढाई जाए जो कि उच्च गुणवत्तायुक्त हों। श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो इसके लिए जल निगम शिफ्टवार कन्ट्रोल रूम में अपने कर्मचारियों की तैनाती करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है वह एक दिन पूर्व ही अपने ड्यूटी स्थल को देख लें। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात की जाएं। पानी आने पर श्रद्धालुआं के बैठने के लिए खोल क्षेत्र से बाहर टैण्ट की व्यवस्था रखी जाए। लेटकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होगी मेटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अस्थाई थाने में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए जोकि तीन शिफ्ट में कार्य करेंगे। उपजिलाधिकारी इसकी मॉनीटरिंग करेंगे। उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी दुकानदारों के साथ भी बैठक कर लें। पीए सिस्टम भी उच्च गुणवत्ता का हो जिसमें आवाज की स्पष्टता रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 03 जोन एवं 16 सब सेक्टर में बांटा गया है। सभी अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी बेहतर संवाद स्थापित कर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सहयोग करें तथा सुनिश्चित करें कि सभी के साथ सौम्य और मधुर व्यवहार रहे। मेला क्षेत्र की व्यवस्थाएं इस प्रकार स्थापित की जाएं आने वाले समस्त श्रद्धालुओं के बीच उनके अनुभवों को लेकर अच्छा संदेश जाए।

अस्थाई अस्पताल बनाकर श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मेले को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए सम्बन्धित अधिकारी निरंतर नजर बनाए रखें एवं सौंपी गई जिम्मेदारियों का भली प्रकार से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मां शाकंभरी देवी जाने के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर स्थानीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी टीम भावना से काम करें। मेला क्षेत्र में मेला कोतवाली की स्थापना कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था हेतु अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, होमगार्ड की तैनाती की जाए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस सहायता केन्द्र, खोया-पाया केन्द्र स्थापित किए जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ सुनील कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री शेर सिंह कक्कड़, एसपी ग्रामीण श्री मयंक पाठक, एसपी यातायात श्री शैलेन्द्र कुमार, श्री आदित्य राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button