कश्यप समाज के सामाजिक सम्मान, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण की मांग को लेकर महासभा गठन का ऐलान
गंगोह। गंगोह स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कश्यप समाज के सामाजिक सम्मान, राजनीतिक प्रतिनिधित्व एवं आरक्षण की मांग को लेकर महासभा के गठन का निर्णय लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में कश्यप समाज के लोगों के साथ लगातार उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप था कि कई मामलों में समाज के लोगों की हत्या होने के बावजूद पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला और आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

वक्ताओं ने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बिखरे हुए कश्यप समाज को एक मंच पर संगठित करने के उद्देश्य से महासभा का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने अधिकारों, सम्मान और न्याय के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगा।

इस अवसर पर बाबूराम कश्यप, मांगेराम कश्यप, प्रेमचंद कश्यप एवं प्रवीण आर्य ने संयुक्त रूप से कहा कि अब कश्यप समाज पूरे देश में एकजुट होकर एक मंच पर आ चुका है। समाज के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समाज अपने अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा।

बैठक की अध्यक्षता सत्यपाल कश्यप ने की, जबकि संचालन जसवंत कश्यप ने किया।
इस दौरान नेत्रपाल कश्यप, सीमा कश्यप, कौशल कश्यप, अर्चना कश्यप सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।




