भारत सरकार की मंशानुरूप युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए,नशामुक्ति अभियान चलायेगा आर्यसमाज

- आर्य उप प्रतिनिधि सभा की बैठक में लिया गया निर्णय
बेहट (जनपद सहारनपुर)
भारत सरकार द्वारा युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए आज 2 अगस्त से नशामुक्ति अभियान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी के वर्चुअल सम्बोधन से शुरू किया गया है, जो केन्द्र सरकार के उपक्रम माई भारत द्वारा संचालित किया जायेगा।
इसी कड़ी में रविवार को कस्बा बेहट में आयोजित आर्य उप प्रतिनिधि सभा की बैठक में भारत सरकार की मंशानुरूप युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए अब आर्य समाज संगठन के द्वारा भी नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए जिला आर्य प्रतिनिधि सभा सहारनपुर के पूर्व प्रधान अनिल आर्य ने बताया है कि आर्य समाज एक धार्मिक, आध्यात्मिक संगठन ही नहीं बल्कि एक सतत् आंदोलन भी है, जिसने देश की आजादी से लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक मुद्दों को लेकर रचनात्मक कार्य करने का काम किया है। इस लिए जनहित के मामलों में सदैव सरकार का सहयोग भी किया है।

जिला मंत्री एडवोकेट राजबीर सिंह सैनी ने क्षेत्र में आर्य समाज संगठन को मजबूत करने और वैदिक प्रचार प्रसार को बढ़ावा देने तथा निष्क्रिय आर्य समाजों को सक्रिय करने और अपंजीकृत सक्रिय समाजों को पंजीकृत कराने एवं वृक्षारोपण अभियान चलाने पर भी जोर दिया है।
इस अवसर पर आर्य उप प्रतिनिधि सभा के बेहट तहसील अध्यक्ष विजय सैनी, पूर्व मंत्री जनेश्वर आर्य, मास्टर आत्माराम सैनी, आर्य भरत सिंह सैनी, महेश कुमार आर्य, ठाकुर कुशल पाल सिंह आर्य, डॉ कुलदीप सिंह सैनी, सुभाषचन्द्र आर्य संजय पाल आर्य, प्रेम चंद आर्य आदि बहुत से लोग उपस्थित रहे हैं।
भगवत प्रसाद संवाददाता जिला सहारनपुर




