डिप्रेशन के चलते उजड़ा परिवार का सहारा – सरसावा में 52 वर्षीय अकाउंटेंट ने तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या- पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

सहारनपुर स्थित थाना सरसावा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे रोड स्थित एक सरकारी कालोनी के पास गृह कलह के चलते 52 वर्षीय व्यक्ति ने देसी तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतक देवदत्त शर्मा बालाजी कॉलेज में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि परिवार में किसी बात के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए पिलखनी स्थित पीजीआई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद थाना सरसावा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं नकुड़ सीओ पवन कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है। घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट – भगवत मेहरा




