CJP प्रदर्शन के दौरान शबाना आजमी को आया अस्थमा अटैक, कहा – “आंसू गैस की वजह से बिगड़ी तबीयत”

75 साल की शबाना आजमी ने बताया कि सोमवार को “चलो संसद” मार्च के दौरान आंसू गैस के संपर्क में आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह छात्रों के समर्थन में इस प्रदर्शन में शामिल हुई थीं, जहां परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक के मुद्दे पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
आंसू गैस की वजह से आया अटैक :-
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में शबाना आजमी ने बताया कि यह अटैक आंसू गैस (tear gas) की वजह से हुआ था। हालांकि, ठीक होने के बाद वह दोबारा प्रदर्शन में शामिल हुईं और छात्रों का समर्थन किया।
शबाना ने कहा कि उन्हें इनहेलर (पंप) की मदद से राहत मिली और वह जल्द ही ठीक हो गईं। उन्होंने बताया, “मुझे अस्थमा है और आंसू गैस की वजह से अटैक आ गया था, लेकिन मेरे पास मेरा पंप था, इसलिए अब मैं ठीक हूं।”

शबाना ने की छात्रों के जज्बे की तारीफ :-
उन्होंने यह भी बताया कि तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पास की एक बिल्डिंग में ले जाया गया था। ठीक होने के बाद वह वापस आईं और उन छात्रों से मिलीं जो प्रदर्शन के दौरान घायल हो गए थे। छात्रों के जज्बे की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “उनका हौसला काबिल-ए-तारीफ है। मैं उन्हें सलाम करती हूं।”

पहले भी लिख चुके हैं पीएम को चिट्ठी :-
शबाना आजमी ने यह भी बताया कि उन्होंने और उनके पति जावेद अख्तर ने पहले इस मुद्दे को प्रधानमंत्री तक चिट्ठी के जरिए पहुंचाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, “हमने 15 जुलाई को प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था और सोनम वांगचुक से बातचीत शुरू करने की अपील की थी। हमें जवाब मिला कि दो दिन में प्रतिक्रिया दी जाएगी, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कोई जवाब नहीं आया, इसलिए हमें यहां आना पड़ा।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आंसू गैस और पुलिस की कार्रवाई देखी, लेकिन इसके बावजूद छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों पर डटे रहे और सरकार से बातचीत की मांग करते रहे।

प्रकाश राज भी हुए थे शामिल :-
इस “चलो संसद” मार्च में शबाना आजमी फिल्म इंडस्ट्री की उन गिनी-चुनी हस्तियों में से थीं, जो खुद ग्राउंड पर पहुंचीं। बाद में उन्होंने अभिनेता प्रकाश राज और CJP के अभिजीत दिपके के साथ मार्च का एक वीडियो भी शेयर किया।




