उत्तर प्रदेशकानून व्यवस्था

सकुशल कांवड यात्रा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त ने तीनों जिलाधिकारियों को दिए निर्देश

  • लगाई जाएं सैक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट ड्यूटियां
  • सीसीटीवी, पीए सिस्टम, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा में न हो लापरवाही
  • गड्ढामुक्त हो मार्ग, ट्रैफिक डायवर्जन हो बेहतर, लगाए जाएं संकेतक
  • कांवड यात्रा प्रारम्भ होने से पहले ही कर ली जाएं सभी तैयारियां – मण्डलायुक्त

सहारनपुर, दिनांक 07 जुलाई, 2026 (सू0वि0)।

मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार ने कांवड यात्रा 2026 की तैयारियों के संबंध में मण्डल के तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि इस वर्ष कांवड यात्रा में पूर्व के वर्षों की अपेक्षा अधिक प्रतिभाग करने की संभावना है। सकुशल कांवड यात्रा हेतु सम्पूर्ण कार्य योजना बनाकर क्रियान्वयन किया जाए।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि कांवड यात्रा प्रारम्भ होने का इंतजार न किया जाए, अभी से तैयारी प्रारम्भ कर दी जाए। कांवड मार्ग पर पडने वाले लटके विद्युत तारों को ठीक करा लिया जाए तथा मार्ग पर पडने वाले सभी ट्रांसफार्मर, विद्युत पोल आदि को बैरिकेडिंग कराकर, सुरक्षित करा लिया जाए। कांवड मार्ग से संबंधित समस्त विद्युत उपकेन्द्रों में 24 घण्टे कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों के मोबाईल नम्बर स्थानीय पुलिस-प्रशासन के पास उपलब्ध रहना सुनिश्चित कराया जाए ताकि किसी आकस्मिकता की दशा में उनके सम्पर्क किया जा सके। कांवड मार्ग पर उपयुक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाए। पिछले वर्षों के अनुभवों का लाभ उठाया जाए। कांवड मार्गों की मरम्मत तत्काल करा ली जाए। कांवड मार्ग पर पूर्व से स्थापित दिशा सूचक संकेतकों व अन्य संकेतकों को ठीक करा लिया जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त दिशा सूचक संकेतक व अन्य संकेतक स्थापित करा लिए जाए।

डॉ0 रूपेश कुमार ने निर्देश दिए कि कांवड मार्ग पर पडने वाले दुर्घटना बहुल क्षेत्रों में आवश्यक संकेत समय से पूर्व लगा लिए जाएं। कांवड मार्ग से मिलने वाले विभिन्न सहायक मार्गों पर उपयुक्त रंगों की रम्बल स्ट्रिप्स लगवा दी जाए, जिससे सहायक मार्गों से आने वाले वाहन नियंत्रित गति सीमा में ही प्रमुख मार्गों पर प्रवेश करे। मण्डल से गुजरने वाले नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे प्रवेश व निकास बिन्दुओं पर कावड यात्रा के दृष्टिग्त आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित करा लिए जाए। इस दृष्टि से गागलहेडी स्थित एक्सप्रेस-वे के निकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। कांवड मार्ग पर उगने वाली झाडियों आदि की व्यापक साफ-सफाई करा ली जाए। मार्ग पर अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटवा लिए जाएं जिससे आवागमन सुचारू रहे। आवश्यकतानुसार रेलवे अधिकारियों से समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाए।

मण्डलायुक्त ने कहा कि पूर्व में कांवडमार्गों, शिविरों, व्यस्तता वाले मार्गों व चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से काफी सहुलियत रही है। इस वर्ष भी पूर्व में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सूचना एकत्रित कर ली जाए जहां ऐसे कैमरे चालू हालत में न हो, उन्हे स-समय चालू करा लिया जाए तथा आवश्यतानुसार नये कैमरे स्थापित करा लिए जाए। पूर्व में स्थापित पब्लिक एड्रेस सिस्टम को ठीक कराकर चालू हालत में रखा जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था करा ली जाए। डीजे निर्धारित आकार के हों। इस संबंध में समस्त डीजे मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें अवगत करा दिया जाए। कांवड मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, पेयजल व शौचालय आदि की व्यवस्था पर्याप्त रूप से सुनिश्चित किया जाए। कांवड मार्ग पर पडने वाले ढाबों आदि का सुरक्षा व संवेदनशीलता के दृष्टिगत व्यापक निरीक्षण किया जाए। रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग की जाए तथा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। शिविर अनुमति के साथ लगाए जाएं। नगरीय क्षेत्र में सिविल डिफेन्स के द्वारा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से स्वयं सेवियों की मदद ली जाए।

जनसामान्य के आवागमन के दृष्टिगत ट्रैफिक डायवर्जन योजना बनाने को कहा। मार्गों पर ओवरलोड वाहन न चले। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेेंस एवं फायर ब्रिगेड की गाडियों के लिए स्थान सुनिश्चित करते हुए यह भी तय किया जाए कि इनमें कर्मचारी उपलब्ध रहे तथा उनका मोबाइल नम्बर अधिकारियों के पास उपलब्ध हो। शिवालयों में भीड नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सैक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाए।

कांवड मार्ग पर पडने वाले नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत व ग्राम पंचायत के कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए एवं उनके द्वारा जिम्मेदारी से कार्य करवाना सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button