
हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे 4.2 फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस (UK07 PA 2812) नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप (PB65 BH 7296) हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रही थी। पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस, रात्रि अधिकारी एवं अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्राधिकारी नगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया।
उपचार के दौरान अहान (18) पुत्र शराफत, निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं अन्नू (18), सोनी लाल (25) और शमीम (42) सहित अन्य घायलों का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हाइड्रा मशीन की सहायता से हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।




