जन्मदिन पर जूनियर एनटीआर ने फैंस को किया खुश, झलक पाने के लिए घर के बाहर जुटे प्रशंसकों से मिले अभिनेता

तेलुगु सुपरस्टार जूनियर एनटीआर आज 43 साल के हो गए हैं। एक्टर आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। इससे पहले बीती रात उनकी मच अवेटेड आगामी फिल्म ‘ड्रैगन” की पहली झलक भी मेकर्स ने साझा की, जिससे फैंस के लिए अपने चहेते एक्टर का जन्मदिन और भी खास बन गया। वहीं जन्मदिन पर जूनियर एनटीआर की झलक पाने के लिए फैंस रात को ही अभिनेता के घर के बाहर पहुंच गए। एक्टर ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और वो रात में ही फैंस से मिलने के लिए घर से बाहर आए। इस दौरान उन्होंने हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन भी किया।
फैंस से मिले जूनियर एनटीआर :-
भारी संख्या में जूनियर एनटीआर के फैंस हैदराबाद स्थित उनके घर के बाहर उनके 43वें जन्मदिन पर उनकी एक झलक पाने के लिए जमा हुए थे। स्टील के गेट, बॉडीगार्ड्स और पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच जूनियर एनटीआर फैंस से मिलने के लिए बाहर आए।
इस दौरान वो एक साधारण टी-शर्ट और पैंट में बड़ी दाढ़ी वाले लुक में नजर आए। उन्होंने मुस्कुराते हुए प्रशंसकों का अभिवादन किया और हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर उनका शुक्रिया भी जताया।
अपने चहेते कलाकार की एक झलक पाकर फैंस की भीड़ उत्साह से झूम उठी। इस दौरान कई फैंस अपने फोन में भी जूनियर एनटीआर की एक झलक पाने को बेताब दिखे। जूनियर एनटीआर के कई वीडियो-फोटो अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

“ड्रैगन” की पहली झलक ने जन्मदिन को बनाया और खास :-
इससे पहले जूनियर एनटीआर के जन्मदिन को फैंस के लिए और भी खास बनाते हुए मेकर्स ने उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म “ड्रैगन” की पहली झलक भी जारी की थी। प्रशांत नील द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जूनियर एनटीआर एक खतरनाक किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी 1967 में प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच अफीम के बिजनेस को लेकर छिड़े गैंग-वॉर पर आधारित है। पहली झलक में जूनियर एनटीआर समेत फिल्म के प्रमुख किरदारों की झलक देखने को मिलती है।
फिल्म में जूनियर एनटीआर एक पॉवरफुल व्यक्ति लूगर के किरदार में नजर आएंगे। पहली झलक में दिखाया गया है कि वो इतना खूंखार है कि उसे याद तक नहीं कि उसने अब तक कितने लोगों की जान ली है। “ड्रैगन” अगले साल यानी 11 जून 2027 को सिनेमाघरोंं में रिलीज होगी।




