उत्तर प्रदेशक्राइम

चमत्कार का चक्कर… कटा नींबू और लड्डू, मिला सुई से भेदा हुआ गुड्डा, तंत्र-मंत्र में गई दो रिश्तेदारों की जान

यूपी के फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में तंत्र मंत्र के चक्कर में दो रिश्तेदारों की जान चली गई। उनके शव शुक्रवार सुबह बाउंड्री में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस पहुंची। जांच के दौरान शव के पास पानी का ग्लास, कटा हुआ नींबू और लड्डू पड़ा मिला। शव जिस जगह मिला है, वहां पेड़ के ऊपर सुई से भेदा हुआ एक पुतला भी लटका था। एक मृतक बेलदार के साथ तंत्र-मंत्र (भगत) का काम भी करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट ना होने पर विसरा प्रिजर्व किया गया है।

थाना एका के नगला गोकुल निवासी रामनाथ (55), उत्तर थाना क्षेत्र के इंद्रा कॉलोनी नई आबादी रहना निवासी पूरन (45) के शव मक्खनपुर स्थित फारुकी ग्लास फैक्टरी के सामने खाली बाउंड्री में पड़े मिले।

पत्नी को मायके छोड़ रिश्तेदारी में पहुंच गया था पूरन :-
थाना प्रभारी मक्खनपुर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि रामनाथ पत्नी के साथ नसीरपुर इलाके में स्थित अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। शादी में शामिल होने के बाद पत्नी को मायके छोड़कर सात मई को दूर के रिश्तेदार पूरन के घर जा पहुंचा था। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों बाइक से एक घंटे में वापस आने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन इसके बाद कोई सूचना नहीं मिली।

बाउंड्री में पड़े मिले दो लोगों के शव :-
शुक्रवार सुबह पुलिस को 112 नंबर पर मिली सूचना के आधार पर करीब सात बजे दोनों के शव बाउंड्री में पड़े मिले। शव से दो कदम की दूरी पर बाइक खड़ी मिली। हेलमेट बाइक पर टगा था। बाइक में चाभी भी लगी हुई थी। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर रामनाथ के परिजन को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। जांच के दौरान मौके से पानी का गिलास, लड्डू, कटा हुआ नींबू मिलने के साथ एक नीम के पेड़ से सुई से भेदा हुआ गुड्डा लटका हुआ था।

बेलदारी करने के साथ तंत्र-मंत्र करता था पूरन :-
रामनाथ के पांच बेटे और एक बेटी है। वह किसान था। वहीं पूरन बेलदारी करने के साथ तंत्र-मंत्र करता था। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए। पूरन के भाई कैलाश ने बताया कि वह शराब नहीं पीता था। किसी से रंजिश की बात से भी इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसलिए उनका विसरा प्रिजर्व कराया गया है।

जांच में कर्जे की बात आई सामने :-
थाना प्रभारी ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि दोनों लोगों पर कुछ कर्ज भी था। जिससे दोनों परेशान चल रहे थे। बताते हैं कि रामनाथ ने पूरन को कुछ रुपये उधार दिए थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कराने के साथ शक के घेरे में आने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस भी पेड़ पर लटके पुतले से डरी :-
पुलिस ने मृतक के शव के पास से जो सामान मिला था, वह कब्जे में ले लिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटा लिए। लेकिन पेड़ पर लटके पुतले को पुलिस ने भी हाथ नहीं लगाया। पुलिस कर्मी भी इस तंत्र मंत्र से कहीं ना कहीं डरे थे। इसके लिए उस पुतले को नहीं ले गई।

चमत्कार के चक्कर में दोनों की चली गई जान :-
माना जा रहा है कि तंत्र-मंत्र के चमत्कार दिखाने की चाह में दोनों रिश्तेदार साथियों ने जान गवां दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की एक साथ मौत होने की पुष्टि हुई है। माना जा रहा है कि पूरन किसी सिद्धि के लिए साधना कर रहा था। उसी में लड्डू में विषाक्त खाकर चमत्कार दिखाने के चक्कर में खुद के साथ अपने साथी की भी जान गवां दी। थाना एका के नगला गोकुल निवासी रामनाथ (55), उत्तर थाना क्षेत्र के इंद्रा कॉलोनी नई आबादी रहना निवासी पूरन (45) के शव फारुकी ग्लास फैक्टरी के सामने खाली बाउंड्री में मिले।

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की तो मौके पर तंत्र-मंत्र करने जैसी सामग्री मिली हैं। पुलिस ने मृतकों के करीबियों से पूछताछ की तो जानकारी हुई कि मृतक पूरन तंत्र-मंत्र करता था। लोगों को अपनी विद्या का चमत्कार दिखाता था। आशंका जताई जा रही है कि जिस बाउंड्री में दोनों के शव मिले हैं, वहां भी पूरन कोई बड़ा चमत्कार दिखाने की फिराक में था। जिसके लिए लड्डू, नींबू और मंत्रों का व्याख्यान कर सूई से भेदा हुआ पुतला पेड़ से लटका मिला है। लोग तंत्र-मंत्र के सहारे कर्जमुक्त, अमीर बनने और दुश्मनों का बुरा करने का चाह रखते हैं।

विशेषज्ञ ने कहा – यह मानसिक रोग की तरह होता है :-
मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. अरूशिखा सिंह ने बताया कि किसी को जब कोई बड़ा नुकसान होता है, तो वह इसकी रिकवरी के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा लेता है। यह मानवीय प्रवृत्ति भी होती है। इस केस में कुछ ऐसा ही लगता है। यह मानसिक रोग की तरह होता है। इसमें लगातार इलाज की जरूरत होती है।

जानकारी देते एसपी ग्रामीण :-
मक्खनपुर क्षेत्र के एक खाली प्लाट में दो युवकों के शव मिले हैं। दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौके से नींबू, लड्डू और पेड़ से एक पुतला लटका मिला है। तंत्र-मंत्र की आशंका है। मामले की जांच कराई जा रही है। मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए विसरा प्रिजर्व भी कराया गया है। – अखिलेश भदौरिया, एसपी ग्रामीण

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button