उत्तर प्रदेशकानून व्यवस्था

सुभासपा ने सपा नेताओं की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में डीएम को सौंपा ज्ञापन, कानूनी कार्रवाई की मांग

सहारनपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी गुफरान अली के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी सहारनपुर को ज्ञापन सौंपकर समाजवादी पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं द्वारा पिछड़ा, अति पिछड़ा एवं दलित समाज के संबंध में कथित रूप से की गई जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई।

इस अवसर पर सुभासपा के जिलाध्यक्ष सोहनवीर कश्यप ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं तथा पिछड़े और दलित समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ करना और मानसिक पीड़ा पहुंचाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ऐसे नेताओं को उचित जवाब देगी।

जिलाध्यक्ष सोहनवीर कश्यप ने ज्ञापन के माध्यम से संबंधित राजनीतिक नेताओं के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेटियों एवं छात्रों के साथ प्रशासन द्वारा कथित रूप से किए गए व्यवहार की भी निंदा की।

इस दौरान अनिल कश्यप, आरिफ अंसारी, गयासुद्दीन खान, सोनू कुमार सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भगवत प्रसाद – संवाददाता जिला सहारनपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button