एलिज़ाबेथ ओल्सन :- मार्वल की कई फिल्मों में नजर आई इस एक्ट्रेस को जानते हैं आप ?

मार्वल की “एवेंजर्स” की खूबसूरत विलेन “स्कार्लेट विच” तो याद ही होंगी। आज “एवेंजर्स एंडगेम” में “वांडा मैक्सिमॉफ” की भूमिका अदा करने वाली अभिनेत्री “एलिजाबेथ ओल्सन” का 36वां जन्मदिन है। वह एक अमेरिकी अभिनेत्री हैं। एमसीयू में स्कार्लेट विच की भूमिका ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई। आइए आज अभिनेत्री के जन्मदिन पर जानते हैं कि मार्वल की दुनिया में उनकी एंट्री कब हुई ?
मार्वल की दुनिया से मिला स्टारडम :-
मार्वल की दुनिया में एंट्री लेने से पहले एलिजाबेथ ओल्सन कई फिल्में कर चुकी थीं, लेकिन विश्व स्तर पर पहचान उन्हें एमसीयू के बैनर तले ही मिली। वह “स्कारलेट विच” की भूमिका से मशहूर हो गईं। उनका यह किरदार एक सुपरहीरो है, जो जादू से वास्तविकता को बदल देता है। ओल्सन ने साल 2014 में मार्वल की “कैप्टन अमेरिका: द विंटर सोल्जर” से “वांडा” के रूप में अपनी शुरुआत की। हालांकि, इस फिल्म में उन्हें कुछ ज्यादा श्रेय नहीं मिल पाया। हालांकि, “एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन” में उनकी भूमिका और अधिक उभर कर सामने आई।
“एवेंजर्स” की नई किस्तों में किरदार को मिली मजबूती :-
“एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन” के बाद एलिजाबेथ ओल्सन ने आगे की कड़ी में अपनी भूमिका को दोहराया। एवेंजर्स की कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, अभिनेत्री की भूमिका उतनी ही मजबूत और महत्वपूर्ण होती गई। वह डिज्नी प्लस मिनी सीरीज की “वांडा विजन” में प्रमुख भूमिका में नजर आईं। 2021 में यह हिट हुआ। अपने प्रदर्शन के लिए, ओल्सन को एमी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। इसके बाद उन्होंने सैम रेमी की “डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस” (2022) में “वांडा” की भूमिका निभाई।
एलिजाबेथ ओल्सन की फिल्में :-
अभिनेत्री ने मार्था मार्सी मे मार्लेन (2011), साइलेंट हाउस (2011), लिबरल आर्ट्स (2012), ओल्डबॉय (2013), आई सॉ द लाइट (2015), इंग्रिड गोज वेस्ट (2017) और विंड रिवर (2017) जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
गॉडजिला में भी आईं नजर :-
साल 2014 में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म “गॉडजिला” में भी एलिजाबेथ ओल्सन अहम भूमिका निभा चुकी हैं। इस फिल्म में उन्होंने फोर्ड की पत्नी एले ब्रॉडी की भूमिका निभाई है, क्योंकि जब राक्षस सैन फ्रांसिस्को तक तैरता हुआ जाता है, तो वह भी गॉडजिला का सामना करती हैं।
