देश

गणतंत्र दिवस 2025 :- पीएम नरेंद्र मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

भारत रविवार को अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन हो रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं है। पीएम मोदी ने कामना की कि यह राष्ट्रीय उत्सव संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त व समृद्ध भारत बनाने की दिशा में जारी प्रयासों को और मजबूत करे।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।’

उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्र की सैन्य क्षमता और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जाएगा।

संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लें – योगी :-
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए सभी से संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लेने का आह्रवान किया।

मुख्यमंत्री योगी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘प्रदेशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह गौरवशाली पर्व हमारे महान संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के अमर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। आइए, हम सभी संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लें। जय हिंद!’

विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम करने का समय- धनखड़ :-
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम करने का समय आ गया है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सद्भाव, पारिवारिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्यों के सभ्यतागत लोकाचार का पोषण करने और उन्हें विकसित करने का आग्रह किया। धनखड़ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमारे युवा आशा और संभावना की प्रचलित भावना को आगे बढ़ाते हुए इस परिवर्तनकारी यात्रा का नेतृत्व करें।’

सहमति का गला घोटना सरकार की एकमात्र नीति – खरगे :-
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामानाएं दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा संविधान पर हमला तथा संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और असहमति का गला घोटना सरकार की एकमात्र नीति बन गई है। उन्होंने यह दावा भी किया कि अनेकता में एकता में विश्वास करने वाले इस देश में ‘एक राष्ट्र, एक पार्टी’ थोपने की प्रवृत्ति दिखाई दे रही है।

खरगे ने गणतंत्र दिवस पर एक शुभकामना संदेश में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया तथा सशस्त्र बलों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, किसानों, मजदूरों और राष्ट्र निर्माण में लगे अन्य वर्गों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आज इस बात पर विचार करने का भी समय है कि देश संविधान पर लगातार हो रहे हमलों का गवाह कैसे बन रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button