उत्तराखंडराजनीति

राज्यसभा : उत्तराखंड की एक सीट पर चुनाव का एलान, 16 अक्तूबर को होगी वोटिंग, इनका कार्यकाल होगा समाप्त

उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव का एलान हो गया है। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसमें उत्तराखंड की एक सीट के साथ उत्तर प्रदेश की 10 सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के बाद नवंबर में सीटें खाली होंगी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में खाली हुई राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव भी कराया जाएगा।

उत्तराखंड में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक उत्तराखंड की राज्यसभा सीट के लिए चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी। इसी दिन चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्तूबर निर्धारित की गई है।

नौ अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे उम्मीदवार :-
नामांकन पत्रों की जांच 7अक्तूबर को होगी। इसके बाद उम्मीदवार 9 अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 16 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।

चुनाव आयोग ने उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की है। वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सांसद रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के बाद खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।

इस तरह 16 अक्तूबर को राज्यसभा की कुल 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव और पश्चिम बंगाल की एक खाली सीट के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी। उत्तराखंड की एक सीट पर होने वाले चुनाव के लिए अब 29 सितंबर से औपचारिक चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों के नामांकन, नाम वापसी और मतदान के बाद 16 अक्टूबर की शाम को परिणाम की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button