राज्य महिला आयोग की सदस्या ने की महिला जनसुनवाई

- पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के दिए निर्देश
- जरूरतमंद महिलाओं को दिलाएं योजनाओं का लाभ- सपना कश्यप
सहारनपुर, दिनांक 23 जुलाई, 2026 (सू0वि0)।
मा0 सदस्या उ0प्र0 राज्य महिला आयोग श्रीमती सपना कश्यप की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार महिलाओं से सम्बन्धित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाये जाने, महिला उत्पीड़न की रोकथाम व महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने के उद्देश्य से तथा आवेदकों की सुगमता की दृष्टि से समीक्षा बैठक, महिला जनसुनवाई एवं महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इसी के साथ मा0 सदस्या द्वारा महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओ के विषय मे समीक्षा की गयी।
मा0 सदस्या द्वारा महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने हेतु जनसुनवाई की गयी जिसमें महिलाओं व बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी देते हुए उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारित किया गया। उनके द्वारा 15 प्रकरणों को सुना गया जिसमें से 08 प्रकरण घरेलू हिंसा (महिला थाना) तथा 01 प्रकरण पंचायती राज विभाग, 01 प्रकरण समाज कल्याण (वृद्धा पेंशन) विभाग, 01 प्रकरण राजस्व विभाग, 04 प्रकरण पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्राप्त हुए हैं।
श्रीमती सपना कश्यप द्वारा सभी प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये गये तथा प्रकरण में फॉलोअप लेते हुए निस्तारण आख्या से उन्हें अवगत कराने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को दिये गये।

जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री दुर्गेश प्रताप सिंह द्वारा महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकरी प्रदान करते हुए उ0प्र0 शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं यथा निराश्रित महिलाओं को पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, कन्या सुमंगला योजना से अच्छादित बालिकाओं को लाभ दिलाये जाने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना से जनपद में उ0प्र0 बाल सेवा योजना तथा घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या, मानव तस्करी के विषय में जानकारी प्रदान की गयी।
श्रीमती सपना कश्यप द्वारा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘‘शक्ति सदन‘‘, चन्द्र नगर, सहारनपुर का निरीक्षण किया गया जिसमें सभी व्यवस्थायें ठीक पायी तथा तथा शक्ति सदन के प्रचार-प्रसार हेतु संस्था अधीक्षिका को निर्देशित किया गया ताकि अधिकाधिक पीड़ित व जरूरतमंद महिलाओं को लाभ प्राप्त हो सके।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी गंगोह सुश्री प्रिया यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री दुर्गेश प्रताप सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती शिवांका गौड, सप्लाई इंस्पेक्टर सुश्री मोहिनी मिश्रा, सीटीएओ नगर निगम श्रीमती संगीता गुप्ता, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री सुरेश त्यागी, प्र0 जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार, प्र0 दिव्यागंजन सशक्तिकरण विभाग श्रीमती अक्षमा, माध्यमिक शिक्षा विभाग से श्रीमती चंचल लहरी, प्रभारी महिला थाना श्रीमती कुसुम भाटी, प्रभारी परिवार परामर्श केन्द्र श्रीमती बबीता तौमर आदि उपस्थित रहे।




