उत्तराखंडमौसम

ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद!

  • भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, डीएम ने जारी किए आदेश,नदियों-नालों में उफान और भूस्खलन का खतरा!

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने सोमवार 20 जुलाई को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर तेजी से बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लगातार हो रही बारिश के कारण कहीं भी अचानक जलभराव, सड़क बाधित होने, पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने और नदी-नालों में तेज बहाव जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें तथा नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग के अलर्ट और प्रशासन की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने तथा आपदा की स्थिति में तत्काल प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button