उत्तर प्रदेशमौसम

मानसून ने पकड़ी रफ्तार : UP, MP समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार

25 जून से देश के कई राज्यों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। मानसून अपनी रफ्तार पकड़ रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ मैदानी इलाकों में अभी भी लू का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता के लिए आने वाले दिनों का पूरा हाल साझा किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। अगले दो-तीन दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों में पहुंच जाएगा। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 25 से 30 जून तक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 25 जून को पश्चिमी मध्य प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ तूफान आने की भी आशंका है। वहीं कोंकण और गोवा में 27 जून को बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मध्य भारत में 28 जून तक दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज की जाएगी।

उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो 25 से 30 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 जून को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। 25 जून को पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी के साथ धूल भरी आंधी (डस्टस्टॉर्म) चलने का भी अनुमान है। पूर्वी भारत में, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 और 28 जून को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जिसके लिए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। इन सब के बीच मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। 25 से 28 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में और 25 जून को बिहार तथा उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू (हीटवेव) चलने की पूरी संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में 25 से 30 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में खासतौर पर 26 से 28 जून के बीच बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और तेलंगाना में भी इन दिनों भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी 26 से 28 जून के बीच तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। 25 और 26 जून को कर्नाटक में जमीन की सतह पर काफी तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button