हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दादा-दादी और पांच वर्षीय पोती की मौत के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात की है। जब श्यामपुर के गाजीवाली निवासी वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय पोती शिव सिंह के साथ स्कूटी से हरिद्वार की ओर से घर लौट रहे थे। देर रात कांगड़ी फ्लाईओवर के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान वीर सिंह (53) पुत्र मोहर सिंह, मंजू (50) पत्नी वीर सिंह और शिव सिंह (5) पुत्र अनुज सिंह निवासी ग्राम गाजीवाली, थाना श्यामपुर के रूप में हुई है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि अंधेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली का सड़क किनारे खड़ा होना हादसे का कारण हो सकता है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।




