पीलीभीत में दर्दनाक हादसा : आंधी में उड़ी टिनशेड दंपती के पेट में जा घुसी, दोनों की हालत नाजुक

पीलीभीत जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आंधी में उड़ी टिन शेड मार्ग से गुजर रहे दंपती के पेट में जा घुसी। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन दोनों को माधोटांडा सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे हुआ। उत्तराखंड के नानकमता निवासी मनदीप सिंह (35 वर्ष) अपनी पत्नी रमनदीप कौर (30 वर्ष) के साथ बाइक से पूरनपुर-खटीमा मार्ग होकर पूरनपुर जा रहे थे। डगा पुल के पास पहुंचने पर अचानक आंधी चलने लगी। बारिश भी हुई। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार बारिश से बचने के लिए दंपती डगा पुल के निर्माण के लिए डाली गई टिन शेड के नीचे आकर खड़े हो गए। इस दौरान अचानक तेज हवा के साथ टिन उड़ी, दोनों उसकी चपेट में आ गए।
पेट में टिन घुसने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। हादसे के बाद आसपास के लोग जुटे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को माधोटांडा सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि टिन शेड की चपेट में आकर दोनों घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए भिजवाया गया है।




