उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुल 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट, तथा उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और नए नियुक्त चिकित्सकों को सेवा भाव के साथ कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, 2 निर्माणाधीन हैं, जबकि 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी कार्यरत हैं। इसके अलावा टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान मंत्री ने कहा कि राज्य में कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने मशरूम उत्पादन को किसानों के लिए अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण स्रोत बताया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की नियुक्ति से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रणाली और सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button