मंडी समिति रोड पर दबंगई दिखाकर क्रेन से पत्रकार को टक्कर मारने, मारपीट करने और धमकी देने वाले आरोपी इंतजार को मंडी पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल।
- हादसे में पत्रकार का हाथ टूट गया था ।
- इलाके में लंबे समय से बिना फिटनेस-बिना नंबर और बिना लाइसेंस दौड़ रही क्रेनों को लेकर लोगों में है भारी गुस्सा।
सहारनपुर। मंडी समिति रोड पर गलत तरीके से क्रेन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने और दबंगई दिखाने वाले आरोपी इंतजार को थाना मंडी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । आरोपी और उसके दो दबंग बेटों के खिलाफ पत्रकार को क्रेन से टक्कर मारने, मारपीट करने, धमकी देने और फैसले के नाम पर दबाव बनाने के आरोप में थाना मंडी में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों मंडी रोड पर इंतजार और उसके बेटों ने पहले एक पत्रकार को क्रेन से टक्कर मार दी, जिसमें पत्रकार के हाथ की हड्डी टूट गई, पिछले करीब एक महीने से पत्रकार के हाथ में प्लास्टर चढ़ा हुआ है। आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी पक्ष ने दबंगई दिखाते हुए पत्रकार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी, इतना ही नहीं कई बार फोन पर भी उस पत्रकार को धमकी दीं गई थी। जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पत्रकार द्वारा थाना पुलिस को दी गई है।

घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई थी।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी इंतजार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई कोतवाली प्रभारी सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में की गई। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि मंडी समिति रोड अब “मौत का रास्ता” बनती जा रही है। लोगों का आरोप है कि यहां लगातार पुराने कबाड़ हो चुके, बिना फिटनेस, बिना नंबर और बिना लाइसेंस चालकों द्वारा क्रेनें दौड़ाई जा रही हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि कई क्रेने को तो नाबालिग बच्चे चलाते देखे जा सकते है। जिससे हर वक्त बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही और अवैध संचालन के चलते पहले भी दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। कई बार सड़क पर झगड़े और विवाद भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर बिना फिटनेस और बिना नंबर की ये क्रेनें खुलेआम सड़कों पर कैसे दौड़ रही हैं ? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा है ?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी समिति रोड पर चल रही सभी अवैध और खटारा क्रेनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, वरना आने वाले दिनों में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।




