सोनम रघुवंशी :- शादी के समय लिए सात वचन… मगर प्रेमी को पाने की जिद में बनी पति की दुश्मन; बेवफाई की कहानी

जिस दांपत्य रिश्ते को सात जन्मों का पवित्र बंधन कहा व माना जाता है। वही रिश्ता आज मुस्कान और सोनम सरीखी युवतियों के कारण कलंकित हो रहा है। इसे रिश्तों में जुड़ाव की कमी कहें या आईटी के इस दौर में बदलती संस्कृति को इसका कारण मानें। वजह जो भी है, मगर इतना जरूर है कि हमारी संस्कृति व सभ्यता पर आईटी (तकनीकी) संस्कृति हावी हो रही है। यही वजह है कि शादीशुदा के किसी अन्य से प्यार (एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन) के फेर में अपने जिले में भी कई महिलाएं मुस्कान व सोनम जैसी बनी हैं, जिन्होंने अपने पतियों की हत्या कराईं। पेश है बेवफाई के कुछ किस्से…
केस:-एक
पति ने की आत्महत्या, पत्नी बनाती रही वीडियो :-
कस्बा चंडौस के 30 वर्षीय अर्जुन की शादी वर्ष 2013 में इगलास के गांव कलींजरी निवासी सर्वेश संग हुई। कुछ माह पहले अर्जुन अपनी पत्नी सर्वेश को साथ लेकर नोएडा रहने लगा। जहां पति के साथ सर्वेश भी एक निजी यूनिवर्सिटी में नौकरी करने लगी। यहीं पर दिल्ली मदनपुर खादर के अनिकेत से सर्वेश के संबंध हो गए। एक मर्तबा दोनों गायब भी हुए। मगर पुलिस दोनों को पकड़ लाई। इसके बाद अर्जुन सर्वेश को लेकर चंडौस आ गया था। मगर सर्वेश का अनिकेत से मोबाइल पर बातचीत करना बंद नहीं था। इसी से तंग आकर अर्जुन ने 14 मई 2025 की रात आत्महत्या कर ली। उस समय सर्वेश वीडियो बनाती रही। बाद में पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया।
केस:- दो
बहनोई के प्यार में पागल शौहर को पत्नी ने मरवा डाला :-
क्वार्सी के चिलकौरा ताजबाग कॉलोनी में महिला और उसके ननदोई की प्रेम कहानी में बाधा बन रहे पति मो. चमन खां की हत्या कर दी गई। उल्टा महिला खैरूनिशां ने 09 अप्रैल 2025 को पुलिस को झूठी कहानी सुनाकर पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी। जब पुलिस जांच हुई तो महिला व प्रेमी ननदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में उजागर हुआ कि उसी शाम चमन को उसका बहनोई मो. अली निवासी गढिय़ा एलमपुर बन्नादेवी अपनी बाइक से नोएडा के दादरी क्षेत्र में ले गया था। जहां गांव सैंथली व नगला नैनसुख के मध्य खेतों में बिठाकर चमन को शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो ईंट से सिर व चेहरे पर प्रहार कर उसकी हत्या कर शव वहीं छिपा दिया।
केस:- तीन
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को मरवाने को दी एक लाख की सुपारी :-
कोतवाली इगलास के गांव सूरजा करौली निवासी करुआ सिंह का शव 23 फरवरी 2025 को बांस फतेली के रजवाहे में मिला। पुलिस जांच में उसकी पत्नी कमलेश से पूछताछ की तो कहानी खुलकर सामने आ गई। कमलेश के गांव के ही नीरज के साथ संबंध थे। पति को इसकी जानकारी हुई तो वह विरोध करने लगा। इस पर कमलेश ने अपने प्रेमी की मदद से जितेंद्र उर्फ जीतू को एक लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करने की योजना बनाई। जिस पर जितेंद्र ने करुआ सिंह को शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी।
केस:- चार
प्रेमी संग मिलकर पति को मारकर नदी में दफनाया :-
कोतवाली इगलास के नगला अहवासी निवासी जितेंद्र हरियाणा के फरीदाबाद में नौकरी करता था। 11 जनवरी को अचानक वह गायब हो गया। इस पर उसके दोस्त राहुल ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच की तो जितेंद्र की पत्नी रेखा की मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि उसके पूर्व नेवी कर्मी जयवीर से प्रेम संबंध थे। इन्हीं संबंधों की खातिर दोनों ने मिलकर जितेंद्र की हत्या कर दी। फिर शव को करबन नदी में दफना दिया। पुलिस ने निशानदेही पर शव बरामद कर लिया।
इस प्रेमी जोड़े को हुई सजा :-
पिसावा के गांव दीवा हमीदपुर में चेतराम की 20 सितंबर 2020 की रात संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। पत्नी अनीता ने करंट से मौत की बात कही। मगर चोट के निशानों से पुलिस को शक हुआ। छानबीन शुरू की तो माजरा कुछ और ही निकला। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसकी पत्नी अनीता व उसके प्रेमी हरदयाल को गिरफ्तार किया। दोनों के दो वर्ष से अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पत्नी व उसके प्रेमी द्वारा चेतराम की हत्या करना उजागर हुआ। दोनों को अदालत ने आजीवन कारावास से दंडित किया है।
बदलते परिवेश के साथ ही रिश्तों में लगातार गिरावट आ रही है। इसका परिणाम है कि महिलाएं व पुरुष एक – दूसरे से अलग होकर दूसरों के प्रति कहीं अधिक आकर्षित हो रहे हैं। जिले में पिछले दिनों हत्या की कुछ घटनाओं में इस तरह के तथ्य सामने आए हैं। जिनमें अवैध संबंधों में रिश्तों का ही कत्ल कर डाला – अमृत जैन, एसपी देहात
यह रिश्तों के महत्व व जुड़ाव की कमी का कारण है। जिसमें सोशल मीडिया व विशेष रूप से ओटीटी प्लेटफार्म द्वारा युवा लोगों को एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन के प्रति भ्रमित किया जा रहा है। साथ में ग्लोरीफिकेशन भी हो रहा है। अधिकांश मामलों में लालच भी बड़ा कारण बनता है – डा. अंशू सोम, साइकोथेरेपिस्ट जिला अस्पताल