उत्तर प्रदेशराजनीतिवायरल न्यूज़

अखिलेश यादव को अयोध्या में घुसने नहीं देंगे संत, यात्रा से पहले बढ़ा विवाद

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले संत समाज में नाराजगी सामने आई है। अयोध्या के संतों ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी और उससे जुड़े बयानों को लेकर अखिलेश यादव को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। संतों ने चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर उन्हें अयोध्या की पांच कोस की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

यह विरोध मणिराम दास जी की छावनी स्थित तुलसीदास योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय के सभागार में आयोजित संतों की बैठक के दौरान सामने आया। बैठक की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास शास्त्री ने की।

बैठक में संतों ने अखिलेश यादव के बयानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और संत समाज से माफी मांगनी चाहिए।

गोलीकांड का जिक्र करते हुए भावुक हुए स्वामी राजकुमार दास :-
श्रीराम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य स्वामी राजकुमार दास ने कहा कि संत किसी के अयोध्या आने या भगवान राम के दर्शन करने के विरोधी नहीं हैं। भगवान राम सभी के हैं और अयोध्या भी सभी की है। हालांकि, उन्होंने मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से इस घटना के लिए माफी मांगने की मांग की।

इस दौरान स्वामी राजकुमार दास भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव माफी मांगकर अयोध्या आते हैं तो वह स्वयं सीमा पर उनका स्वागत करेंगे। वहीं, माफी नहीं मांगने की स्थिति में संत समाज उनके प्रवेश का विरोध करेगा।

बैठक में सात प्रस्ताव पारित :-
संत समाज की इस बैठक में कुल सात प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें 1990 में कार सेवकों पर हुई गोलीबारी की निंदा करने के साथ-साथ इस घटना को सही ठहराने वाले बयानों पर भी आपत्ति जताई गई। पारित प्रस्तावों में अखिलेश यादव से सार्वजनिक रूप से संतों और सनातन समाज से माफी मांगने तथा घटना पर खेद व्यक्त करने की मांग की गई।

संतों ने कहा कि यदि अखिलेश यादव माफी नहीं मांगते हैं तो उनकी अयोध्या यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सनातन समाज को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश के रूप में देखा जाएगा। वहीं, माफी मांगने की स्थिति में संत समाज उनकी यात्रा का स्वागत करने को तैयार है। अन्यथा इसे राजनीतिक पैंतरेबाजी माना जाएगा।

सरकार से यात्रा पर रोक लगाने की मांग :-
बैठक में शामिल संतों ने कहा कि अखिलेश यादव के रुख के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। संत समाज ने यह भी मांग की कि यदि वह माफी नहीं मांगते हैं तो सरकार उनकी अयोध्या यात्रा पर रोक लगाए।

संतों का तर्क है कि ऐसा करने से शांति व्यवस्था बनी रहेगी और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होने से बचेंगी। अखिलेश यादव की प्रस्तावित यात्रा से पहले संत समाज की इस बैठक और सात प्रस्तावों के बाद अयोध्या में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button