उत्तर प्रदेशदुर्घटना

चिलकाना रोड पर दो गोदामों में भीषण आग, करीब 65 लाख का सामान हुआ जलकर राख

  • दमकल की तीन गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, पीड़ित ने पुलिस से जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग की

सहारनपुर, 4 सितंबर। चिलकाना रोड स्थित अमन पैलेस के निकट बीती रात दो गोदामों में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों गोदामों में रखा सामान, फर्नीचर एवं फिटिंग आदि जलकर राख हो गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मामले को लेकर मेहंदी सराय, भाई का तकिया निवासी अजीम निजामी पुत्र जमील अहमद ने थाना मंडी के कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर घटना की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, अजीम निजामी को बीती रात उनके गोदाम के पड़ोसियों ने सूचना दी कि गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह अपने परिजनों के साथ बदहवास हालत में चिलकाना रोड, अमन पैलेस के निकट स्थित गोदाम पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि अजीम निजामी तथा उनके बेटे मुस्तकीम के ड्रेस संबंधी दोनों गोदामों में आग बुरी तरह धधक रही थी।

बताया गया कि दोनों गोदाम आसपास स्थित हैं और आग तेजी से फैल रही थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए भरसक प्रयास किए।
पीड़ित अजीम निजामी का कहना है कि आग की इस घटना में उनका करीब 45 लाख रुपये कीमत का सामान, फर्नीचर और फिटिंग व दूसरे गोदाम में लगभग 20 लाख का सामान आदि जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि अपनी आंखों के सामने मेहनत की कमाई और गोदाम का सामान आग की लपटों में तबाह होते देखकर वह बेहद सहम गए।

पीड़ित ने थाना मंडी पुलिस से मांग की है कि गोदाम में आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि घटना के पीछे कोई साजिश अथवा अन्य कारण सामने आता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और करीब 45 लाख रुपये के नुकसान के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button