मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल सरसावा में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

सरसावा (सहारनपुर) खबर:
मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. डी. के. चौधरी जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों के जोश, उत्साह और देशप्रेम ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती राज चौधरी जी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के बारे में प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सदैव सर्वोपरि रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हुआ।
रिपोर्ट भगवत मेहरा




