हज के इच्छुक आवेदक 20 जुलाई तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन

- जनपद स्तर पर हज यात्रियों की सुविधा हेतु ई-सुविधा केन्द्र स्थापित, हेल्पलाइन नम्बर जारी, नोडल नामित
सहारनपुर, दिनांक 04 जुलाई, 2026 (सू0वि0)।
हज कमेटी आफ इण्डिया ने हज-2027 की अधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके अनुसार इच्छुक हज आवेदक हज कमेटी आफ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट hajcommittee.gov.in तथा एप्लिकेशन ”हज सुविधा“ पर उपलब्ध हज आन लाइन आवेदन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा दिनांक 22 जून, 2026 से आरम्भ होकर अन्तिम तिथि 20 जुलाई, 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जुलाई 2026 के अन्तिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रेंडम चयन) प्रक्रिया के उपरान्त प्रत्येक प्रोविजनल चयनित हज यात्री को रू0 152300/- की अग्रिम धनराशि दिनांक 10 अगस्त, 2026 तक जमा करनी होगी। हज के चयन उपरान्त सीट निरस्त कराने पर हज-2027 की गाइडलाइंस के नियमानुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए इच्छुक हज यात्रियों को सलाह है कि आवेदन करने से पूर्व अपनी तैयारी व हज यात्रा करने की दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित कर आवेदन करें।
हज आवेदन भरने से पूर्व आवेदक हज-2027 दिशा निर्देशों (गाइड लाइन) को ध्यान से पढ़ ले आवेदन हेतु मशीन पठित वैध अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट होना आवश्यक है जो आवेदन की तिथि 20 जुलाई 2026 तक जारी किया गया हो तथा कम से कम 31 दिसम्बर, 2027 तक वैद्य हो हज-2027 हेतु सामान्य 40 दिवस की यात्रा के अतिरिक्त छोटी 20 दिवसीय हज यात्रा हेतु आवेदन करने का विकल्प रखा गया है जिसमें कम सीटें उपलब्ध हैं। ऐसा विकल्प चयनित करने वालों हेतु 08 उड़ान स्थल निर्धारित हैं। सामान्य यात्रा हेतु निर्धारित शर्तें हज 2026 की भांति ही रहेंगी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने कहा कि इच्छुक आवेदक हज कमेटी आफ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट hajcommittee.gov.in तथा उ0प्र0 राज्य हज समिति की वेबसाइट hajcommittee.up.gov.in पर उपलब्ध हज-2027 की पालिसी हज गाइड लांइस को घ्यान पूर्वक पढ़ लें तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। आनलाईन आवेदन करते समय नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो मशीन पठनीय अन्तर्राष्ट्रीय पासपोर्ट का प्रथम पृष्ठ पते का प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक भी आवेदनकर्ता को अपलोड करना होगा। आनलाईन आवेदन उपरान्त आवेदन फार्म का प्रिंटआउट डाउनलोड करना होगा एवं उसे सचिव/कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस सरोजनी नगर, लखनऊ को उपलब्ध कराना होगा। हज-2027 जिला स्तर पर हज यात्रियों की सुविधा हेतु मदरसा मखज़नुल उलूम, लक्खीगेट, सहारनपुर को हज ई-सुविधा केन्द्र स्थापित कर मदरसे के प्रधानाचार्य अली वारिस को नोडल अधिकारी नामित किया गया है ताकि हज यात्रियों को आनलाईन आवेदन पत्र भरने में निःशुल्क सुविधा प्रदान की जा सके। जिला स्तर पर हेल्पलाइन मोबाइल नं0ः- नईम अख्तर,- 9837973055 जारी किया गया है।




