विकासनगर (देहरादून)। विकासनगर कोतवाली में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर नगरपालिका विकासनगर के पार्षदों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-507 एवं जल संस्थान के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पार्षदों का कहना है कि जल संस्थान द्वारा पाइपलाइन संबंधी कार्य के दौरान सड़क पर खोदे गए गड्ढे को लंबे समय तक खुला छोड़ दिया गया। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभागों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण कई राहगीर पहले भी चोटिल हो चुके थे।
पार्षदों के अनुसार, हाल ही में नगरपालिका की पार्षद सुमन कश्यप भी उक्त गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना से आक्रोशित नगरपालिका विकासनगर के पार्षदों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-507 एवं जल संस्थान के संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए विकासनगर कोतवाली में तहरीर दी है। साथ ही उन्होंने मृतक पार्षद सुमन कश्यप के परिजनों को एक सरकारी नौकरी तथा उचित आर्थिक मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है।




