उत्तराखंडदुर्घटना

नैनीताल हाईवे पर चलती डस्टर बनी आग का गोला, कूदकर बची 4 पर्यटकों की जान

नैनीताल जिले के कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पहाड़ी चढ़ाई चढ़ रही एक डस्टर कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में सवार चार पर्यटकों ने समय रहते दरवाजे खोलकर सड़क पर छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजे कालाढूंगी थाना क्षेत्र के प्रिया बैंड के पास नैनीताल की ओर जा रही डस्टर कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने गाड़ी को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में इंजन में आग भड़क गई। देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई और दूर तक काला धुआं फैल गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे पर्यटकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सभी ने तुरंत दरवाजे खोले और चलती गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के दौरान हाईवे पर गुजर रहे अन्य वाहन भी रुक गए, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह इंजन ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और लगातार पहाड़ी चढ़ाई के कारण इंजन पर दबाव बढ़ गया था। उल्लेखनीय है कि पिछले 20 घंटे के भीतर नैनीताल जिले में वाहन में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे यात्रियों में चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button