अखिलेश यादव बोले – डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर को लेकर हालात खराब, भाजपा पर जमाखोरी का लगाया आरोप
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा संविधान से नहीं, मन विधान से चलती है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर को लेकर स्थितियां खराब हैं। अखिलेश ने शुक्रवार को एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोगों ने वोट कटवाने के लिए फर्जी हस्ताक्षर करके फार्म-7 भरवाए। चुनाव आयोग का काम वोट बढ़वाना है, वोट कटवाना नहीं। हमने पीडीए के तहत पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, अगड़े, आदिवासी और आधी आबादी, सबको जोड़ा है। उत्तर प्रदेश विकास करेगा तो देश विकास करेगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने डिजिटल डिवाइड खत्म किया था। हर गांव में इंटरनेट पहुंचाने के लिए कैबिनेट के फैसले से ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का निर्णय लिया। सरकार बनने पर हम नियमों से परे जाकर किसी उद्योगपति को सपोर्ट नहीं करेंगे।
सिलेंडर की जमाखोरी भाजपा के लोगों पर करने का आरोप लगाया :-
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के डिप्टी सीएम के बयान से यह साबित हो गया है कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी भाजपाई ही कर रहे हैं। डिप्टी सीएम का दावा है कि “जिसके यहां सिलेंडर न हो, वो हमारे यहां सूचना भेज दे, हम सिलेंडर भिजवा देंगे”। डिप्टी अपना फोन नंबर सोशल मीडिया पर डाल दें या अपने घर, कार्यालय या फिर सीधे अपने जमाखोरी वाले अंडरग्राउंड गोदाम का पता ही दे दें। अखिलेश ने कहा कि डिप्टी सीएम स्टूल लगाकर गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों के आगे क्यों नहीं बैठ जाते।




