Rule Change : एलपीजी से लेकर सिगरेट की कीमतों तक 1 फरवरी से क्या-क्या बदलेगा? आम आदमी की जेब पर सीधा असर!

जनवरी खत्म होते ही फरवरी की शुरुआत होने जा रही है और इस बार नया महीना आम लोगों के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। 1 फरवरी 2026 को जहां देश का आम बजट पेश किया जाएगा, वहीं रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बड़े नियमों में बदलाव भी लागू होंगे। इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब, घरेलू खर्च, टैक्स प्लानिंग, निवेश और दैनिक जरूरतों पर पड़ेगा। गैस सिलेंडर से लेकर सिगरेट, ईंधन से लेकर बैंकिंग और फास्टैग तक हर क्षेत्र में कुछ न कुछ बदलाव संभव है। ऐसे में जानना जरूरी है कि 1 फरवरी से क्या-क्या बदल सकता है और इसका आपके जीवन पर क्या असर पड़ेगा।
एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव :-
हर महीने की तरह 1 फरवरी 2026 को भी एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी की जाएंगी। खास तौर पर 14 किलो घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बदलाव की उम्मीद है। हाल के महीनों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 1 जनवरी को दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 14.50 रुपये की कटौती हुई थी, जिसके बाद इसकी कीमत 1804 रुपये हो गई थी। अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों पर भी लोगों की नजर टिकी हुई है।

CNG-PNG और एटीएफ की कीमतें :-
एलपीजी के साथ-साथ 1 फरवरी को एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई कीमतें भी जारी होंगी। एटीएफ की कीमतों में बदलाव का असर सीधे हवाई यात्रा के किराए पर पड़ता है। पिछले महीने 1 जनवरी को दिल्ली में एटीएफ की कीमतों में करीब 7% की कटौती हुई थी। इसके अलावा सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में भी बदलाव संभव है, जिससे वाहन चलाने और घरेलू गैस खर्च पर असर पड़ सकता है।

पान मसाला और सिगरेट पर अतिरिक्त टैक्स :-
1 फरवरी 2026 से तंबाकू उत्पादों और पान मसाला पर अतिरिक्त टैक्स लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने जीएसटी क्षतिपूर्ति उपकर की जगह नया उत्पाद शुल्क और उपकर लागू करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था के तहत जीएसटी के अलावा पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर लगाया जाएगा, जिससे इनकी कीमतों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।

FASTag यूजर्स के लिए बदलाव :-
FASTag यूजर्स के लिए भी 1 फरवरी से नियमों में बदलाव होने जा रहा है। एनएचएआई के अनुसार, कार, जीप और वैन के लिए फैस्टैग जारी करते समय केवाईसी वेरिफिकेशन प्रक्रिया में बदलाव किया गया है, जिससे नए यूजर्स को राहत मिल सकती है। यह बदलाव टोल सिस्टम को और आसान बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

फरवरी में बैंक छुट्टियां :-
फरवरी की शुरुआत छुट्टी के साथ हो रही है। अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। आरबीआई की वेबसाइट के अनुसार, साप्ताहिक अवकाश और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे अवसरों को मिलाकर फरवरी में करीब 10 दिन बैंक बंद रह सकते हैं। ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटाना बेहतर होगा।




