उत्तर प्रदेशकानून व्यवस्थाराजनीति

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत तहसील बेहट में ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन एवं जागरूकता केंद्र का शुभारम्भ

सहारनपुर दिनांक 20 नवंबर 2026 (सू0वि0)।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरविन्द कुमार चौहान के निर्देशों के अनुपालन में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने तथा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील बेहट में ईवीएम एवं वीवीपैट (EVM/VVPAT) प्रदर्शन एवं जागरूकता केंद्र (EDC) का शुभारम्भ किया गया।

उप जिलाधिकारी बेहट श्री सुबोध कुमार द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए उपस्थित लोगों को मतदान की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी होना मतदाताओं के लिए उपयोगी है। इस केंद्र के माध्यम से मतदाता स्वयं मशीनों का प्रयोग कर मतदान प्रक्रिया का अभ्यास कर सकेंगे तथा अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

यह प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम 20 नवंबर से प्रारम्भ होकर विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेगा। केंद्र पर प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन कर मतदान प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।

उप जिलाधिकारी बेहट द्वारा क्षेत्र के समस्त मतदाताओं से अपील की गई कि वे तहसील स्थित प्रदर्शन एवं जागरूकता केंद्र पर पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली को समझें तथा मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करें।

इस अवसर पर तहसीलदार बेहट श्री रोहित तोमर, तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री संजय चौहान एवं सचिव श्री जगदीश प्रसाद सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button