आपदादेश-विदेशमनोरंजन

“मेरी गुजारिश है… एक बार फिर नेपाल की यात्रा करें”, बाढ़ त्रासदी के बीच मनीषा कोइराला ने लोगों से की अपील

नेपाल में बीते बुधवार को भोटेकोशी नदी तंत्र से आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। कई लोगों की जान गई। कई लापता हैं। इस आपदा का असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ा है। इस बीच अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने लोगों से गुजारिश की है कि इस मुश्किल वक्त में देश के प्रति समर्थन जताएं।

मनीषा कोइराला की लोगों से अपील :-
मनीषा कोइराला नेपाली मूल की अभिनेत्री हैं। 90 के दशक में उन्होंने बॉलीवुड में कई चर्चित फिल्मों में काम किया। इस वक्त जब मनीषा का देश बाढ़ की त्रासदी से गुजर रहा है तो उन्होंने लोगों से अपने देश में पर्यटन के लिए आने की अपील की है।

अभिनेत्री ने क्या कहा ?-
मनीषा कोइराला ने सद्गुरु द्वारा आयोजित एक विशेष सभा कार्यक्रम “इन सॉलिडेरिटी विद नेपाल” में अपनी बात रखी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मनीषा कोइराला ने सद्गुरु के कार्यक्रम में देश के लिए समर्थन मांगा। अभिनेत्री ने कहा, “मैं पूरी इंटरनेशनल कम्युनिटी से गुजारिश करना चाहती हूं कि आपने नेपाल के प्रति बार-बार दया और प्यार दिखाया है। मैं प्रार्थना करती हूं कि आपका यह प्यार और सहयोग बना रहे”।

अभिनेत्री ने आगे कहा, ‘एक देश के तौर पर, हमें लोगों के हमारे देश आने की जरूरत है। हमें टूरिज्म की जरूरत है। हम नहीं चाहते कि हमें सिर्फ एक ऐसे देश के तौर पर जाना जाए, जो आपदाओं से भरा हो या लगातार मुश्किलों का सामना कर रहा हो। हम अपने खूबसूरत मौसम, हिमालय, बेहतरीन लोगों, प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं के लिए जाने जाना चाहते हैं”।

मनीषा बोलीं- “टूरिज्म हमारी जीवन रेखा” :-
मनीषा ने आगे कहा, “नेपाल बॉर्डर के पास एक आपदा आई है, लेकिन टूरिज्म हमारी जीवन-रेखा है। मैं इंटरनेशनल कम्युनिटी को प्रोत्साहित करती हूं कि वे एक बार फिर नेपाल की यात्रा करें”। मनीषा ने अपने पोस्ट में सदगुरु का भी आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button