भारत को मिला नया CDS : जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने संभाली नई कमान
नई दिल्ली ।
भारत को उसका नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) मिल गया है। रविवार 31 मई 2026 को जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने देश के नए सीडीएस के रूप में कमान संभाली। उन्हें चीन और पाकिस्तान से जुड़े रणनीतिक मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। ऐसे में अब वो देश के तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बनाएंगे। बता दें कि उन्होंने जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया है, जो शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए।
पद संभालने के बाद जनरल सुब्रमणि ने कहा कि वो सशस्त्र बलों में परिवर्तन और संगठनात्मक सुधारों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने बताया कि उनका फोकस प्रधानमंत्री के “JAI” विजन यानी जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन के साथ-साथ तीनों सेना के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करना होगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता भारत की सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी हथियारों और तकनीक पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने सेना, उद्योग, स्टार्टअप, शिक्षण संस्थानों और अनुसंधान संगठनों के बीच सहयोग को मजूबत करने की बात कही।
यहाँ यह उल्लेखनीय है कि जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि का 40 वर्षों से अधिक का सैन्य करियर रहा है। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के पूर्व छात्र रहे हैं।
उन्हें गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में 14 दिसंबर 1985 को कमीशन मिला था। वह थल सेना के उप प्रमुख और मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ आदि जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं ।




