सहारनपुर से विकास की नई रफ्तार : प्रधानमंत्री मोदी ने किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण

हाईटेक सुविधाओं से लैस एक्सप्रेसवे से घटेगा सफर का समय, पर्यटन-व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
एम अफज़ल गौर (आज तक समाचार)
________
सहारनपुर जनपद कल ऐतिहासिक पल का साक्षी बना जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेशपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और हजारों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल और सड़कों के किनारे घंटों पहले से डटे रहे।
इस दौरान प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए थे। यह एक्सप्रेसवे अत्याधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष अंडरपास और ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। शिवालिक पहाड़ियों के बीच सुरंगों और एलिवेटेड रोड का निर्माण इसे इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट नमूना बनाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से सहारनपुर, शामली, बागपत समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इसके साथ ही उत्तराखंड में पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। होटल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
मुख्यमंत्री स्तर पर भी तैयारियों की निगरानी पहले से की जा चुकी थी। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे देश के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का शानदार उदाहरण है। यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को आसान बनाएगा बल्कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी अब लगभग ढाई घंटे में पूरी की जा सकेगी।
जनता में भारी उत्साह, नारों से गूंजा क्षेत्र :-
सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग हाथों में तख्तियां, पोस्टर और झंडे लेकर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए खड़े रहे। “मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं। कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन से निगरानी की गई और हर प्रवेश बिंदु पर कड़ी जांच की गई। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष प्लान लागू किया, जिससे आम जनता को ज्यादा परेशानी न हो।
लोगों के लिए यादगार बना दिन :-
कार्यक्रम के समापन के बाद प्रधानमंत्री वापस रवाना हो गए, लेकिन सहारनपुर के लोगों के लिए यह दिन लंबे समय तक यादगार रहेगा। लोगों ने इसे विकास की नई शुरुआत बताते हुए खुशी जाहिर की।




