दोपहर में बाहर न निकलें, एडवाइजरी जारी…. अगले 4 दिन भीषण गर्मी, हीट अटैक

उत्तराखंड में गर्मी अब और विकराल रूप लेने जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मैदानी जिलों में तापमान लगातार बढ़ने का अनुमान जताया है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में पारा 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है, जबकि नैनीताल समेत कई जिलों में भी गर्म हवाओं का असर साफ दिखेगा। भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।
19 मई से गर्मी का प्रकोप तेज, पूरे प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क :-
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई को पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचने का अनुमान है, जबकि ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत और निचले चमोली क्षेत्रों में भी तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
21-22 मई तक नहीं मिलेगी राहत, मैदानों में हीटवेव जैसे हालात :-
मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 22 मई तक हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भीषण गर्मी जारी रहेगी। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
SEOC की एडवाइजरी_ दोपहर में बाहर निकलने से बचें :-
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
अस्पतालों को अलर्ट, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा :-
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल और बिजली व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों के लिए विशेष सतर्कता :-
विद्यालयों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




